अररिया में जनगणना–2027 के प्रथम चरण के तहत संचालित मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को प्रभावी, पारदर्शी और जनसहभागिता आधारित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जिला नियंत्रण कक्ष को सुदृढ़ एवं सक्रिय कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि इससे जनगणना कार्य के दौरान आने वाली शिकायतों, सुझावों और आपत्तियों का त्वरित निष्पादन संभव हो सकेगा।
जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार समाहरणालय परिसर स्थित जिला नियंत्रण कक्ष को जनगणना कार्य के लिए विशेष रूप से सक्रिय किया गया है। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें, सुझाव एवं आवश्यक सूचनाएं प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे। इसके लिए दूरभाष संख्या 06453-222309 जारी की गई है।
शिकायतों के त्वरित निष्पादन के निर्देश
जनगणना कार्य के दौरान प्राप्त होने वाली शिकायतों एवं सूचनाओं के समुचित संधारण के लिए नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। निर्देशित किया गया है कि प्राप्त सभी शिकायतों को विधिवत पंजीबद्ध किया जाए और संबंधित चार्ज पदाधिकारी, प्रखंड कार्यालय, नगर निकाय तथा जिला जनगणना कोषांग के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना–2027 का कार्य पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा, जिसके लिए आम लोगों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जिला प्रशासन ने आम जनता, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य संबंधित हितधारकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें और किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत अथवा सूचना होने पर जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।