अररिया जिले के पलासी प्रखंड में जनजातीय गरिमा उत्सव-2026 के तहत ‘‘जन भागीदारी-सबसे दूर, सबसे पहले’’ सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत पांच पंचायतों के पांच टोलों में शिविर और जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य अनुसूचित जनजाति समुदाय तक स्वास्थ्य सुविधाएं, सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाना रहा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बलुआ कलियागंज पंचायत के बलुआ टोला, कुजरी पंचायत के रामनगर टोला, पकड़ी पंचायत के लोखड़ा टोला, नकटाखुर्द पंचायत के दीपनगर तथा बरहकुम्बा पंचायत के बरौली टोला में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। शिविर में अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों की सिकल सेल एनीमिया समेत अन्य बीमारियों की जांच की गई तथा जरूरतमंदों के बीच दवा वितरण किया गया। इसके साथ ही लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव और जागरूकता जानकारी भी दी गई।
आयुष्मान कार्ड, जॉब कार्ड वितरण और आवेदन प्राप्त
जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान 17 आयुष्मान कार्ड और 44 मनरेगा जॉब कार्ड वितरित किए गए। शिविर के माध्यम से उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड और जाति प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए गए। वहीं बरहकुम्बा पंचायत के बरौली टोला में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की देखरेख में शिविर और जन सुनवाई कार्यक्रम का संचालन किया गया।