अररिया जिले के फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार देर रात उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जब अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन स्टेशन पहुंची। ट्रेन के आगमन पर स्टेशन परिसर में जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही। अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को अगले स्टेशन के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर नरपतगंज विधायक देवंती यादव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि, यात्री संघ के सदस्य और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे। स्टेशन प्रबंधन और रेलवे सुरक्षा बल के कर्मियों ने कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी की।
सीमांचल को नई रेल सुविधा, यात्रियों को होगा लाभ
कार्यक्रम के दौरान सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस सीमांचल क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को नई ट्रेन सेवा के लिए बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार रेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की सेवा क्षेत्र को मिल चुकी है।
उन्होंने बताया कि यह ट्रेन सीतामढ़ी होकर संचालित होगी, जिससे श्रद्धालुओं को माता जानकी धाम तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। वहीं गोंडा और अयोध्या मार्ग से जुड़ाव होने के कारण धार्मिक यात्रियों के लिए भगवान राम की नगरी तक यात्रा आसान होगी।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने कहा कि नई ट्रेन सेवा से मजदूरों, व्यापारियों और आम यात्रियों को लाभ मिलेगा। पंजाब, हरियाणा, मुरादाबाद सहित विभिन्न शहरों में काम या व्यवसाय के सिलसिले में जाने वाले लोगों को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन संख्या 14664 अमृतसर से गुरुवार रात 12:45 बजे प्रस्थान कर शनिवार सुबह 4:15 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 14663 प्रत्येक शनिवार सुबह 8 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से रवाना होकर सिलीगुड़ी, ठाकुरगंज, अररिया, फारबिसगंज, राघोपुर, रक्सौल, सीतामढ़ी, गोरखपुर, बरेली, मुरादाबाद और लुधियाना होते हुए सोमवार सुबह अमृतसर पहुंचेगी।