विधिक सेवा प्राधिकार अररिया के तत्वावधान में पोठिया में भव्य विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पोठिया स्थित पंचायत सरकार भवन सह सामुदायिक भवन में गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, व्यवहार न्यायालय, अररिया एवं अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को कानून संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना, उनके संवैधानिक एवं वैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा न्याय तक उनकी आसान एवं सुलभ पहुँच सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, अररिया के पैनल अधिवक्ता राहुल रंजन के द्वारा अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से आए एलएलबी के छात्रों एवं ग्रामीणों को विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नि:शुल्क विधिक सहायता, नए आपराधिक कानूनों के तहत एफआईआर की प्रक्रिया, गिरफ्तारी के आधार, जमानत, महिलाओं के अधिकार, भरण-पोषण (मेंटेनेंस), तलाक, मुस्लिम पर्सनल लॉ, हिंदू विवाह अधिनियम, घरेलू हिंसा से संरक्षण, बाल अधिकार, साइबर अपराध से बचाव, उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, सूचना का अधिकार (आरटीआई), सड़क सुरक्षा, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, भूमि एवं संपत्ति संबंधी विवाद, पारिवारिक विवादों के विधिक समाधान तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से त्वरित एवं सुलभ न्याय व्यवस्था पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर अररिया व्यवहार न्यायालय से आए जिला अभियोजन पदाधिकारी अमिताभ सिद्धार्थ अमिताभ ने नए आपराधिक कानूनों की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए झूठे मुकदमों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि “कानूनी जानकारी ही वह सशक्त माध्यम है जिसके द्वारा प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है और न्याय तक अपनी पहुँच सुनिश्चित कर सकता है। कानून की जानकारी के अभाव में न्यायिक प्रक्रिया की जटिलताओं का सामना करना कठिन हो जाता है।”
पैनल अधिवक्ता राहुल रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए अत्यंत आवश्यक है। समय पर सही कानूनी सलाह प्राप्त कर व्यक्ति अपने अधिकारों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकता है तथा अनावश्यक मुकदमों एवं कानूनी विवादों से बच सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में घबराने के बजाय जिला विधिक सेवा प्राधिकार से नि:शुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की अपील की।
शिविर के दौरान उपस्थित ग्रामीणों एवं छात्रों ने विभिन्न कानूनी समस्याओं से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल, व्यवहारिक एवं संतोषजनक समाधान प्रस्तुत किया गया। ग्रामीणों ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अभियोजन पदाधिकारी अमिताभ सिद्धार्थ अमिताभ, अनुमंडल अभियोजन पदाधिकारी इमरान अहमद, पैनल अधिवक्ता राहुल रंजन, पीएलवी प्रिंस कुमार, सरपंच प्रतिनिधि मो. हसीन आलम, मुखिया प्रतिनिधि मो. मुमताज आलम, न्याय मित्र श्याम सुंदर शर्मा, अपर पुलिस निरीक्षक आशुतोष मिश्रा सहित अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के एलएलबी के छात्र-छात्राएँ—नजीब आलम, दानिश खुर्शीद, मो. आफताब आलम, अब्दुल्ला, जावेरया तनवीर, सादिया अंजुम, निसाब अंजुम, मो. दानिश अनवर, गुलाम, मो. रेहान आलम, सरवर आलम, केशर रेजा, आशीष कुमार, रजबुल, इलियास, दीपक महतो, रंजीत ऋषिदेव सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, सैकड़ों ग्रामीण एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।