अररिया पुलिस को वर्ष 2021 के चर्चित लूट और हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है। बथनाहा थाना क्षेत्र में हुई गोलीबारी और लूट की घटना में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है।
31 जनवरी 2021 की शाम बथनाहा थाना क्षेत्र के सोनापुर गांव के पास बदमाशों ने राहुल कुमार गुप्ता और उनके साथी अमन गुप्ता को गोली मारकर लूटपाट की थी। इलाज के दौरान अमन गुप्ता की मौत हो गई थी। इस मामले में बथनाहा थाना कांड संख्या 55/21 दर्ज कर पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने इस मामले में कई आरोपियों के नाम सामने आने के बाद लगातार छापेमारी की। लेकिन मुख्य आरोपी मनीष कुमार शर्मा गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
अररिया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में बथनाहा थाना, तकनीकी सेल और डीआईयू की संयुक्त टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी मनीष कुमार शर्मा को बेगूसराय जिले के घाघौल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी मनीष कुमार शर्मा, फारबिसगंज के डीबी रोड का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
करीब साढ़े चार साल पुराने इस चर्चित हत्याकांड में फरार आरोपी की गिरफ्तारी को अररिया पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।