जीविका दीदियों ने नशामुक्ति का दिया संदेश, 12 पंचायतों में निकाली जागरूकता रैली
ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) द्वारा सहयोग शिविर के अवसर पर जिले की 12 पंचायतों में व्यापक नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। साथ ही आगामी पंचायत विकास दिवस को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। इस अभियान के तहत जीविका दीदियों ने नशामुक्ति रैली निकालकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया तथा घर-घर जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान जीविका दीदियों ने ग्रामीणों से नशा नहीं करने तथा अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। नशा घरेलू कलह, आर्थिक तंगी तथा सामाजिक विघटन का प्रमुख कारण बन सकता है। इसलिए स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण के लिए नशामुक्त जीवनशैली को अपनाना आवश्यक है।
जीविका दीदियों ने नशे के सेवन से होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक हानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए “नशा छोड़ो, खुशियों से नाता जोड़ो” का नारा दिया। रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशामुक्त परिवार ही सशक्त समाज की नींव है। इस जनजागरूकता अभियान में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।